भिंड में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। वीडियो में समुदाय विशेष के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का आरोप है। मामले को लेकर संबंधित समुदाय के लोगों ने सिटी कोतवाली पहुंचकर पुलिस अधीक्षक के नाम ज्ञापन सौंपा और कार्रवाई की मांग की है। ज्ञापन में बताया गया कि भिंड की स्थानीय कंटेंट क्रिएटर दीक्षा ठाकुर ने 25 नवंबर 2025 को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था। आरोप है कि इस वीडियो में समुदाय विशेष के लिए अभद्र और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया गया, जिससे धार्मिक और सामाजिक भावनाएं आहत हुई हैं। लोगों का कहना है कि ऐसे वीडियो से समाज में तनाव और आपसी सौहार्द बिगड़ने की आशंका रहती है। कंटेंट क्रिएटर पर केस दर्ज करने की मांग
आवेदनकर्ताओं ने यह भी बताया कि दीक्षा ठाकुर द्वारा पहले भी इसी तरह की टिप्पणियां की जा चुकी हैं। उस समय आपत्ति दर्ज कराए जाने के बाद समझाइश देकर मामला शांत कराया गया था, लेकिन अब दोबारा इस तरह का वीडियो सामने आने से नाराजगी और बढ़ गई है। समुदाय विशेष की ओर से मांग की गई है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर दीक्षा ठाकुर के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही जिस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर वीडियो प्रसारित हुआ है, उसे भी नोटिस जारी कर भविष्य में इस तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की गई है।


