50 फीट से भी कम रही दृश्यता, पारा पर 7.6 डिग्री पर आया

रायसेन| सोमवार को सीजन का सबसे घना कोहरा छाया। कोहरा इतना घना था कि 50 फीट दूर की वस्तु भी स्पष्ट नजर नहीं आ रही थी। ऐसी स्थिति में वाहन चालकों को हेडलाइट जलाकर अपने वाहन चलाने के लिए मजबूर होना पड़ा। सूरज निकलने के बाद भी सुबह 10:30 बजे तक कोहरे की धुंध छाई रही। बादल छंटने से अब रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। सोमवार को रात का पारा 7.6 डिग्री पर आ गया। पारे में आ रही गिरावट से कंपकंपा देने वाली सर्दी शुरू हो गई है। वर्तमान का मौसम फसलों के लिए अनुकूल चल रहा है। रात में ओस गिर रही है, जिससे फसलों के लिए प्राकृतिक रूप से पानी मिल रहा है। जितनी ज्यादा ठंड पड़ेगी, वह उतना अच्छा गेहूं और चने की फसल के लिए फायदेमंद रहेगा। अभी गेहूं और चने की फसल छोटी है। दिन और रात का तापमान फसलों के लिए पूरी तरह से अनुकूल बना हुआ है। इससे अभी किसी प्रकार के नुकसान की कोई संभावना नहीं है। पिछले दिनों न्यूनतम तापमान सामान्य से 1-2 डिग्री और अधिकतम तापमान 3-5 डिग्री ज्यादा चल रहा था, लेकिन सोमवार को न्यूनतम सामान्य से नीचे पहुंच गया। वहीं अधिकतम तापमान में बड़ा बदलाव हुआ। दिन के पारे में 1.0 डिग्री और रात के पारे में 0.8 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। अधिकतम तापमान 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.6 डिग्री दर्ज किया गया।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *