बेगूं में अवैध पिस्टल के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों से 2 मैगजीन और 8 जिंदा राउंड बरामद किए गए है। साथ ही बोलेरो और बाइक जब्त की गई है। जिले की डीएसटी टीम और बेगूं पुलिस ने बुधवार रात में संयुक्त कार्रवाई की। एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि जिले की डीएसटी टीम को सूचना मिली कि बेगूं क्षेत्र के गांव ठुकराई चौराहे पर रावतभाटा रोड पर बोलेरो और बाइक सवार अवैध पिस्टल लेकर आ रहे है। सूचना मिलते ही थानाधिकारी रविन्द्र सिंह चारण, एएसआई गोवर्धन सिंह, कॉन्स्टेबल रामदयाल, जगदीप, प्रेम सिंह, रमेश और विजय ठुकराई चौराहा पर पहुंचे और नाकाबंदी की। पुलिस ने नाकाबंदी करके ठुकराई चौराहे पर आ रही बोलेरो और बाइक को रुकवाया। बोलेरो और बाइक ड्राइवर की तलाशी ली गई तो एक अवैध पिस्टल, दो मैगजीन और 8 जिन्दा राउंड बरामद किए। मौके पर आरोपी दिलखुश जाट (24) निवासी रूपपुरा, अजमेर और महेंद्र कुमार शर्मा (35) निवासी सवाईपुर, भीलवाड़ा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बोलेरो और बाइक को जब्त कर मामला दर्ज कर लिया। कार्रवाई में डीएसटी टीम प्रभारी जोधाराम, हैड कॉन्स्टेबल मुश्ताक खान, प्रमोद और मुनेन्द्र का सहयोग रहा।


