ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने मनरेगा श्रमिकों के लिए न्यूनतम मजदूरी दर 350 रुपए निर्धारित करने का लक्ष्य रखा है। इसलिए वर्षवार मजदूरी दर में वृद्धि करने के लिए आवश्यक योजना का प्रस्ताव तैयार करें। मंत्री ने गुरुवार को विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को उक्त निर्देश दिए। मंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सामग्री मद की राशि सीधे लाभुक के खातों में हस्तांतरित करने के लिए एसओपी तैयार करें। उन्होंने दीदी बगिया की संख्या में वृद्धि कर राज्य स्तर पर एक बड़ी नर्सरी की स्थापना करने और मनरेगा योजना में रिक्त पदों पर नियुक्ति की कार्रवाई शीघ्र पूरी कर जनवरी में नियुक्ति पत्र वितरित करने का भी निर्देश दिया। स्किल डेवलपमेंट सेंटर के गठन को लेकर बने कार्ययोजना मंत्री दीपिका पांडेय ने राज्य एवं जिला स्तर पर स्किल डेवलपमेंट सेंटर का गठन करने को लेकर कार्ययोजना तैयार करने की बात कही। उन्होंने सौर ऊर्जा संचालित सिंचाई संयंत्रों की सुविधा अधिकतम किसानों को उपलब्ध कराने को लेकर आवश्यक कार्यवाही करने का निर्देश दिया। अबुआ आवास के लिए तीसरी किस्त की राशि जारी करें मंत्री ने अबुआ आवास योजना की समीक्षा के दौरान कहा कि अबुआ आवास योजना के लाभुकों को तीसरी किस्त की राशि का आवंटन करें। सात दिनों से अधिक विलंब करने वाले संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों से स्पष्टीकरण पूछा जाएगा। जनजातीय एवं अनुसूचित जाति से संबंधित क्षेत्रवार आंकड़ा तैयार कर उपलब्ध कराने, आवास योजनाओं के प्रभावी रूप से कार्यान्वयन के िलए निश्चित अंतराल में समीक्षा करने व वरीय पदाधिकारियों को निरीक्षण करने की बात कही।


