झारखंड चैंबर के चैंबर कनेक्ट उप समिति की बैठक गुरुवार को अध्यक्ष परेश गट्टानी की अध्यक्षता में चैंबर भवन में हुई। देश के विभिन्न चैंबर्स के साथ फेडरेशन का बेहतर समन्वय स्थापित हो और अधिक व्यापारी और उद्यमी का जुड़ाव फेडरेशन से हो, इसके लिए अत्याधुनिक मोबाइल एप की जरूरत पर सदस्यों ने चर्चा की। उप समिति चेयरमैन अरुण भरतीया ने कहा कि मोबाइल एप के माध्यम से न केवल व्यवसायी आपस में आसानी से समन्वय बना सकेंगे, बल्कि वे अपने व्यवसाय को भी बढ़ावा दे सकेंगे। झारखंड चैंबर के वर्तमान में चल रहे मोबाइल एप को अपग्रेड करने के उप समिति के प्रस्ताव पर चैंबर अध्यक्ष ने सहमति देते हुए इस कार्य में सहयोग के लिए आश्वस्त किया। चर्चाओं के क्रम में चैंबर सदस्यों, जिला चैंबर और विभिन्न संगठनों के समन्वय से समय-समय पर स्पोर्ट्स इवेंट्स, मैराथन कराने पर भी चर्चा की गई। उप समिति चेयरमैन ने कहा कि वाट्सएप ग्रुप के माध्यम से व्यापारियों के बीच नेटवर्किंग को और अधिक मजबूत किया जाएगा, जिससे व्यापारी आसानी से आपस में व्यापार को गति दे सकें। उपाध्यक्ष राहुल साबू व ज्योति कुमारी ने इस प्रयास में सरकारी विभागों को भी शामिल करने का सुझाव दिया। बैठक में आदित्य मल्होत्रा, विकास विजयवर्गीय, नवजोत अलंग, रोहित अग्रवाल, साहित्य पवन, शैलेश अग्रवाल, अमित शर्मा अन्य सदस्य उपस्थित थे।


