अलवर में कोहरे से राहत,तीसरे दिन मौसम साफ:तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी,खेतों में हल्का-हल्का धुआं

अलवर शहर और जिले में लगातार दो दिन घने कोहरे के बाद तीसरे दिन मंगलवार सुबह से मौसम साफ नजर आया। सुबह सूरज निकलते ही सर्दी का असर भी कुछ कम महसूस किया गया। असल में रविवार रात को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था, जबकि सोमवार रात का न्यूनतम तापमान बढ़कर 10 डिग्री दर्ज किया गया। बीते दो दिनों से लगातार कोहरे के कारण जिले में सुबह करीब 11 बजे तक जनजीवन प्रभावित रहा, लेकिन बाद में धूप निकलने से मौसम साफ हो गया। मंगलवार सुबह सूरज की पहली किरण पड़ते ही फसलों पर जमी ओस पिघलकर बूंदों में टपकने लगी। खेतों में हल्का-हल्का धुआं उठता हुआ दिखाई दिया, जो कोहरे जैसा प्रतीत हो रहा था। मौसम के जानकारों का कहना है कि यह स्थिति फसलों के लिए बेहद फायदेमंद है, खासकर सरसों की फसल के लिए। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान लगभग 9 डिग्री रहने का अनुमान है। हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अभी सर्दी का पूरा असर आना बाकी है और दिसंबर के आखिरी दिनों में ठंड और तेज होने की संभावना है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *