सतना जिले के रामपुर बाघेलान थाना क्षेत्र में सराय गांव के पास रविवार शाम तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक नहर में गिर गया, जिसकी मौत हो गई। हादसा रविवार शाम करीब 5 बजे हुआ। सोमवार शाम गोताखोरों ने घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूर युवक का शव बरामद किया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश कर रही है। पुलिस के अनुसार आशीष पिता विश्वनाथ साकेत (23) और सचिन साकेत रविवार को बाइक से रीवा से रिश्तेदारी में टिकरिया आए थे। शाम करीब 5 बजे दोनों नहर के किनारे-किनारे चकेरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सराय गांव के पास किसी तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक उछलकर नहर में जा गिरे। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों सड़क पर संभल नहीं पाए और सीधे नहर में गिर गए। एक को ग्रामीणों ने बचाया, दूसरा डूबा घटना के तुरंत बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने बचाव किया और सुमित को नहर से बाहर निकाल लिया। हालांकि तब तक आशीष पानी के तेज बहाव में बहकर दूर चला गया था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। खोजबीन के लिए गोताखोरों को बुलाया गया और नहर प्रबंधन से संपर्क कर पानी की सप्लाई भी बंद कराई गई। लेकिन अंधेरा हो जाने के कारण रविवार रात को सर्च ऑपरेशन रोकना पड़ा। घटनास्थल से 500 मीटर दूर मिला शव सोमवार सुबह 10 बजे फिर से तलाश शुरू की गई। शाम को घटनास्थल से करीब 500 मीटर दूरी पर आशीष का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की पहचान की जा रही है। मामले की जांच जारी है।


