ग्वालियर में सराफा व्यापारी की कार का कांच तोड़ा:कार न हटाने पर किया हमला; 22 दिन पहले गैंगस्टर के साथियों ने चलाई थीं गोलियां

ग्वालियर के उपनगर मुरार सदर बाजार में सोमवार को सराफा कारोबारी महावीर जैन के बेटे पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने उनकी कार का कांच तोड़ दिया। घटना सदर बाजार स्थित गल्ला मंडी क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही मुरार थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस जांच में सामने आया कि विवाद गाड़ी नहीं हटाने को लेकर हुआ था, जिसके बाद युवकों ने कार का कांच तोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद कुछ देर के लिए क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था। 22 दिन पहले चली थी गोलियां महावीर जैन मुरार सदर बाजार के निवासी हैं और गिर्राज मंदिर के पास उनकी सराफा व कपड़े की दुकान है। 22 दिन पहले उनकी दुकान पर गैंगस्टर कपिल यादव से जुड़े बदमाशों द्वारा फायरिंग की गई थी, जिसके बाद से दुकान पर पुलिस बल तैनात है। इसी पृष्ठभूमि के चलते पुलिस ने इस घटना को गंभीरता से लिया, हालांकि जांच में यह स्पष्ट हुआ कि इस मामले का गैंगस्टर कपिल यादव से कोई संबंध नहीं है। हमलावरों की तलाश जारी पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल कोई ठोस सुराग नहीं मिला है। मुरार थाना पुलिस के अनुसार मामला दर्ज कर लिया गया है और हमलावरों की तलाश जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *