सैनिक स्कूल में मनाया जा रहा है विजय दिवस:शिक्षा मंत्री मदन दिलावर पहुंचे, कैडेट्स ने दिया गार्ड ऑफ ऑनर

सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ में मंगलवार को 55वीं विजय दिवस का समारोह मनाया जा रहा है। यह दिन भारतीय सशस्त्र बलों की वीरता, शौर्य और बलिदान को समर्पित है। प्रोग्राम में राजस्थान के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं पूर्व सैनिक सेवा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल देव आनंद विशिष्ट अतिथि के रूप में समारोह में मौजूद रहे। शिक्षा मंत्री का गार्ड ऑफ ऑनर के साथ किया स्वागत शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के सैनिक स्कूल पहुंचने पर स्कूल के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया, उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल पारुल श्रीवास्तव और प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी श्रीकुमार ने उनका स्वागत किया। स्कूल पहुंचते ही कैडेट्स द्वारा शिक्षा मंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। अनुशासित कैडेट्स की परेड और सलामी ने प्रोग्राम की गरिमा को और बढ़ा दिया। इस दौरान शिक्षा मंत्री ने कैडेट्स के अनुशासन और आत्मविश्वास की सराहना की। शहीदों को दी श्रद्धांजलि गार्ड ऑफ ऑनर के बाद शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने स्कूल परिसर में बनी स्मृतिका पर पहुंचकर देश के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने पुष्प अर्पित कर उन वीर सैनिकों को नमन किया, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए बलिदान दिया। इस मौके पर मौजूद सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर शहीदों के बलिदान को याद किया। 1971 की ऐतिहासिक जीत की याद विजय दिवस वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में भारतीय सशस्त्र बलों की ऐतिहासिक जीत का प्रतीक है। इस युद्ध में भारतीय सेना के साहस के सामने पाकिस्तान की सेनाओं ने ढाका में सरेंडर किया था। यह जीत भारतीय इतिहास का एक स्वर्णिम अध्याय है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *