बांसवाड़ा–जयपुर नेशनल हाईवे-56 पर सुरपुर स्कूल के पास रविवार देर शाम हुए सड़क हादसे में घायल दो महिलाओं की सोमवार को उदयपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे पहले इसी हादसे में रविवार को ही तीन वर्षीय मासूम की जान चली गई थी। हादसे में मृतकों की संख्या अब तीन हो चुकी है, जबकि चार लोग अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं। ऑटो और आयशर ट्रक की टक्कर से मची थी अफरा-तफरी सदर थाना के उप निरीक्षक रामलाल ने बताया कि रविवार देर शाम ऑटो और आयशर ट्रक की आमने-सामने की टक्कर हो गई थी। हादसे में ऑटो में सवार सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घायलों को पहले बांसवाड़ा और फिर गंभीर हालत में उदयपुर रेफर किया गया। देवरानी-जेठानी की इलाज के दौरान मौत सोमवार को इलाज के दौरान जिन दो महिलाओं ने दम तोड़ा, उनकी पहचान 30 वर्षीय सविता पत्नी बहादुर मईड़ा और 32 वर्षीय दीपिका पत्नी विकास मईड़ा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार दोनों आपस में देवरानी-जेठानी थीं। इससे पहले हादसे में तीन वर्षीय हितेष की मौके पर ही मौत हो गई थी। चार घायलों का इलाज जारी हादसे में घायल चार अन्य लोगों का उपचार अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार कुछ घायलों की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है। शव एमजी अस्पताल की मॉर्च्युरी में, मंगलवार को पोस्टमॉर्टम दोनों मृतक महिलाओं के शव बांसवाड़ा स्थित महात्मा गांधी अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं। सोमवार शाम को देर होने के कारण पोस्टमॉर्टम नहीं हो पाया। मंगलवार सुबह पीएम प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पीड़ित परिजन हीरालाल ने आयशर ट्रक ड्राइवर के खिलाफ सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ———– संबंधित ये खबर भी पढ़ें … बांसवाड़ा में ट्रक और ऑटो की भिड़ंत, मासूम की मौत:हादसे में 6 लोग घायल हुए, एमजी हॉस्पिटल में इलाज जारी बांसवाड़ा में रविवार की देर शाम एक ट्रक और ऑटो के बीच आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में एक 3 साल के मासूम की मौत हो गई, वहीं 6 लोग घायल हो गए, जिन्हें महात्मा गांधी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। (पूरी खबर पढ़ें)


