पीपलखूंट थाना क्षेत्र में एक महीने पहले हुई लूट, मारपीट और हत्या के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले में पुलिस पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि चौथे आरोपी की तलाश अभी भी जारी है। थाना अधिकारी कमलचंद ने बताया कि बीते 18 नवंबर को बोरी निवासी बंसीलाल निनामा के घर में गांव के ही रहने वाले रामलाल, बंसीलाल, राजमल और बाबूलाल ने जबरन घुसकर मारपीट की थी। आरोपियों ने बंसीलाल को घर से खींचकर बाहर ले जाकर उसके साथ मारपीट की। उसकी चीख-पुकार सुनकर पत्नी नीमा मौके पर पहुंची, तो आरोपियों ने उसे भी धक्का देकर गिरा दिया। हमलावरों ने बंसीलाल से 17 हजार रुपये नगद और चांदी का कड़ा छीन लिया। बाद में बुरी तरह घायल बंसीलाल को वहीं छोड़कर आरोपी फरार हो गए। बंसीलाल को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस मामले में बंसीलाल की पत्नी नीमा की शिकायत पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। करीब 15 दिन पहले पुलिस ने रामलाल और राजमल को गिरफ्तार किया था। आज तीसरे आरोपी बंशीलाल निनामा को भी गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा। इस मामले के चौथे आरोपी बाबूलाल की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही फरार आरोपी को भी पकड़ लिया जाएगा। इस घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने आरोपियों को जल्द से जल्द सजा दिलाने और इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।


