धान खरीद की जरबा पैक्स से हुई शुरुआत, किसानों को मिला सीधा लाभ

भास्कर न्यूज | चरही किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने की दिशा में सोमवार को जिले में धान क्रय की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ी। चुरचू प्रखंड के चार चयनित धान अधिप्राप्ति केंद्रों में से केवल जरबा पैक्स में धान खरीद की विधिवत शुरुआत हुई। केंद्र का उद्घाटन मांडू विधायक तिवारी महतो ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर जिप सदस्य बासुदेव करमाली, चुरचू प्रमुख निरंजन प्रसाद नायक, मुखिया सुनीता देवी सहित कई पंचायत प्रतिनिधि और किसान मौजूद रहे। उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक तिवारी महतो ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों को समय पर भुगतान और पारदर्शी व्यवस्था देना है। धान अधिप्राप्ति केंद्रों से किसानों को बिचौलियों से मुक्ति मिलेगी और सीधे उनके खाते में मूल्य का भुगतान होगा। उन्होंने शेष केंद्रों में भी शीघ्र तकनीकी अड़चनें दूर कर खरीद शुरू कराने का भरोसा दिलाया। पैक्स अध्यक्ष रामदुलार साव ने बताया कि पहले ही दिन किसानों ने उत्साहपूर्वक 285 क्विंटल धान जमा किया। किसानों को पावती रसीद उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे भुगतान प्रक्रिया सुचारू और पारदर्शी बनी रहे। इस वर्ष किसानों में इस बात को लेकर संतोष है कि भुगतान में देरी नहीं होगी, जिससे खेती की अगली तैयारी आसान होगी। हालांकि चरही पैक्स, हेन्देगढ़ा पैक्स और चुरचू बाड़ी फल-सब्जी प्रोड्यूसर कंपनी (एफपीओ) में तकनीकी कारणों से धान खरीद शुरू नहीं हो सकी, लेकिन अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया है। कार्यक्रम में ओमप्रकाश साव, रघुनाथ महतो, ब्रज किशोर महतो, धनेश्वर ठाकुर, जय महतो, अनीता देवी, मालती देवी, दिनेश ठाकुर, धर्मवीर सिंह, बशीर अंसारी, प्रभुनाथ महतो, संतोष कुमार सिंह, बसंती देवी, रेखा देवी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान उपस्थित थे। जरबा से हुई यह शुरुआत क्षेत्र के किसानों के लिए उम्मीद और विश्वास का नया अध्याय बनकर उभरी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *