डीग जिले में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से शेयर हुआ है, जिसमें एक युवक शादी समारोह में डीजे की धुन पर नाचते हुए अवैध हथियार से हवाई फायरिंग करता दिख रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वायरल वीडियो में युवक अपने रिश्तेदारों और दोस्तों के साथ हाथ में बंदूक लहराते हुए डांस कर रहा है। वह बेखौफ होकर हवाई फायरिंग भी करता है और बंदूक को बार-बार हवा में लहराता है।
पुलिस ने इस मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपी की पहचान जीशान के रूप में की। उसे नगर कस्बे के कुरैशी मोहल्ले से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक अवैध 12 बोर की बंदूक भी बरामद की है। बड़े भाई की शादी में की थी हर्ष फायरिंग
प्रारंभिक पूछताछ में युवक जीशान ने बताया कि यह वीडियो 2023 में उसके बड़े भाई की शादी समारोह के दौरान का है। उसने हर्षोल्लास में डीजे की धुन पर नाचते हुए यह हवाई फायरिंग की थी, जिसका वीडियो अब वायरल हुआ है।
थाना अधिकारी लाखन सिंह ने बताया कि वीडियो संज्ञान में आते ही कार्रवाई शुरू की गई। उन्होंने ऐसे लोगों को स्पष्ट संदेश दिया है जो हथियारों के साथ रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपना रुतबा दिखाते हैं, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा। आरोपी जीशान से बंदूक के स्रोत के बारे में गहनता से पूछताछ की जा रही है।


