जबलपुर में प्रेमी ने युवती के दोस्त की हत्या की:दूसरे से बात करने पर था नाराज, जेल से रिहा होकर पता चला तो घात लगाकर किया हमला

जबलपुर के पन्नी मोहल्ले में प्रेम विवाद के चलते एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, राहुल झारिया नामक युवक अपनी प्रेमिका के किसी और से बातचीत करने पर नाराज हुआ और दोस्तों के साथ मिलकर हरिलाल यादव की धारदार हथियार से हत्या कर दी। घटना सोमवार की शाम आधारताल थाना क्षेत्र के पन्नी मोहल्ले में हुई। हरिलाल यादव बाइक से मिलने पहुंचा था, तभी आरोपियों ने पहले से घात लगाकर हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में उन्हें मौके पर छोड़कर आरोपी फरार हो गए। आसपास के लोगों ने जमीन पर पड़े हरिलाल को देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। 108 की मदद से उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। 4 महीने से आरोपी जेल में था जानकारी के अनुसार पन्नी मोहल्ले में रहने वाली एक युवती और राहुल झारिया के बीच प्रेम संबंध थे। करीब चार महीने पहले एक आपराधिक मामले में पुलिस ने राहुल को गिरफ्तार किया था और उसे जेल भेज दिया। इस दौरान युवती की मझौली निवासी हरिलाल यादव से सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हो गई। दोनों के बीच बातचीत होती थी और हरिलाल युवती के मोहल्ले में भी आता-जाता था। धारदार हथियार से किया हमला एक सप्ताह पहले राहुल झारिया जमानत पर जेल से बाहर आया। उसने युवती से बात करने की कोशिश की, लेकिन युवती ने इनकार कर दिया। इसके बाद राहुल को युवती की हरिलाल के साथ दोस्ती की बात पता चली और अपने दोस्तों अमर गोटिंया, अरविंद रैकवार, राहुल दुबे और अभिषेक दुबे के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। सोमवार की शाम राहुल ने हरिलाल को फोन कर आधारताल थाना क्षेत्र के पन्नी मोहल्ला में मिलने के लिए बुलाया। जैसे ही हरिलाल मौके पर पहुंचे, आरोपियों ने पहले से घात लगाकर रखा था और धारदार हथियार से हमला कर दिया। लहूलुहान हालत में उन्हें छोड़कर सभी आरोपी फरार हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान मृतक के पास से उसका आधार कार्ड मिला। गांव के सरपंच ने इस घटना की सूचना हरिलाल के पिता लक्ष्मण यादव को दी। पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, बाकी की तलाश जारी आधारताल थाना पुलिस ने घटनास्थल के आसपास पूछताछ करते हुए सभी आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। देर रात पुलिस ने एक आरोपी राहुल दुबे को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *