डूंगरपुर के सदर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम उदयपुर रोड पर बाइक सवार 3 बदमाशों ने जयपुर जा रही एक निजी बस में घुसकर हंगामा किया। बदमाशों ने बस के ड्राइवर और कंडक्टर के साथ मारपीट भी की। पुलिस के पहुंचने से पहले ही हमलावर मौके से फरार हो गए। यह घटना रेलवे स्टेशन से आगे हुई। यह निजी बस सागवाड़ा से जयपुर जा रही थी और शाम सवा 7 बजे डूंगरपुर से रवाना हुई थी। पल्सर बाइक पर सवार 3 बदमाश हाथ में लोहे का सरिया लेकर बस के गेट के पास आए और एक बदमाश बस में चढ़ गया। बस में चढ़ते ही बदमाशों ने ड्राइवर और कंडक्टर से झगड़ा शुरू कर दिया और हंगामा मचाने लगे। इससे बस में सवार यात्री घबरा गए। जब बस ड्राइवर और कंडक्टर ने बदमाशों का विरोध किया, तो उन्होंने उनके साथ मारपीट की।
ड्राइवर—कंडक्टर ने घटना की जानकारी अपने मैनेजर वल्लभराम पाटीदार और सदर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही हमलावर तीनों बदमाश मौके से भाग निकले। इन बदमाशों ने इससे पहले जयपुर जा रही अन्य बस में भी चढ़ने का प्रयास किया था, लेकिन कंडक्टर द्वारा गेट बंद कर दिए जाने से वे उसमें नहीं चढ़ पाए थे। इस बस का गेट खुला होने के कारण बदमाश उसमें घुसने में सफल रहे। सूचना पर सदर पुलिस का दल मौके पर पहुंचा और घटनाक्रम की जानकारी ली। ड्राइवर—कंडक्टर ने बदमाशों के फोटो और उनकी बाइक के नंबर भी पुलिस को सौंपे हैं।
पुलिस ने बाद में बस को देवल तक छोड़ा और उसे जयपुर के लिए रवाना किया। सदर पुलिस अब इन बदमाशों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।


