धौलपुर जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक नाबालिग से रेप का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर नाबालिग और उसके भाई को जेल प्रहरी की नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। यह घटना सोमवार देर शाम को आरोपी के घर पर हुई। पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपी ने नाबालिग और उसके भाई को अपने घर बुलाया था। वहां उसने नाबालिग के भाई को जेल प्रहरी भर्ती से संबंधित किताब लाने के बहाने बाजार भेज दिया। इसके बाद आरोपी ने नाबालिग के साथ रेप किया।
नाबालिग के शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। भीड़ को देखकर आरोपी वहां से भाग निकला। घटना के समय आरोपी के बेटे के 2 छोटे बच्चे घर में मौजूद थे। स्थानीय लोगों ने आरोपी के घर को घेर लिया। हेड कॉन्स्टेबल ने घायल रिश्तेदार को बचाया
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसी दौरान आरोपी ने अपने महिला और पुरुष रिश्तेदारों को बच्चों को लेने के लिए भेजा। भीड़ ने रिश्तेदारों को देखकर हंगामा शुरू कर दिया और उनकी पिटाई कर दी। इस दौरान एक रिश्तेदार के सिर में चोट लग गई।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने मुश्किल से आरोपी के रिश्तेदारों को भीड़ से बचाया। हेड कॉन्स्टेबल मनोज कुमार ने घायल रिश्तेदार को अपने कंधों पर उठाकर सुरक्षित निकाला। पीड़िता के पिता ने दर्ज कराया मामला
घटना के बाद नाबालिग के पिता ने आरोपी के खिलाफ थाने में रेप का मामला दर्ज कराया है।
दर्ज रिपोर्ट में बताया गया है कि आरोपी ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर पीड़ित के बेटे और बेटी को नौकरी दिलाने का झांसा दिया था। प्रवेश पत्र देने के बहाने उन्हें घर बुलाया गया था। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया है और आरोपी की तलाश जारी है।


