शहडोल के बिरसा मुंडा मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर पर ड्यूटी के दौरान नशे में होने और महिला मरीज के परिजनों से अभद्रता करने का आरोप लगा है। गायनिक विभाग में तैनात डॉक्टर पर आरोप लगने के बाद अस्पताल परिसर में देर रात हंगामा हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार, बुढार थाना क्षेत्र के चंगेरा गांव की उपसरपंच शिवानी त्रिपाठी (34) को सोमवार रात करीब 10 बजे डिलीवरी के लिए मेडिकल कॉलेज लाया गया था। ऑपरेशन के बाद नवजात बच्ची मृत पैदा हुई। परिजनों ने बताया कि बच्ची मृत अवस्था में ही जन्मी थी। परिजनों के मुताबिक, रात करीब 2 बजे शिवानी त्रिपाठी को तेज दर्द होने लगा। उनके साथ मौजूद एक महिला परिजन ने ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर सीएमओ शशांक शर्मा से दर्द का इंजेक्शन लगाने का अनुरोध किया। डॉक्टर बोले- “क्या तुमने कभी बच्चे पैदा नहीं किए, दर्द नहीं होता है” आरोप है कि डॉक्टर शशांक शर्मा इस पर भड़क गए और महिला परिजन से अभद्र भाषा में बात करने लगे। पीड़िता के पति दीपक त्रिपाठी ने बताया कि डॉक्टर ने उनकी बुजुर्ग भाभी के साथ बदतमीजी की और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉक्टर ने यहां तक कहा, “क्या तुमने कभी बच्चे पैदा नहीं किए, दर्द नहीं होता है?” पति ने यह भी आरोप लगाया कि डॉक्टर ने मरीज को तत्काल डिस्चार्ज करने और घर भेजने की धमकी दी। परिजनों का दावा है कि वीडियो में डॉक्टर नशे में धुत दिख रहे हैं और उनकी पैंट की बटन भी खुली हुई थी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया और डॉक्टर पर शराब के नशे में ड्यूटी करने का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया। पति ने मंत्री से शिकायत की चेतावनी दी प्रसूता महिला के पति ने कहा कि वह इस मामले की शिकायत प्रभारी मंत्री से करेंगे, जो शहडोल के चिकित्सा स्वास्थ्य मंत्री भी हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब उपसरपंच महिला और उनके परिजनों के साथ ऐसा व्यवहार हो रहा है, तो आम लोगों के साथ कैसा होता होगा। सोहागपुर थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। परिजनों के पास कुछ वीडियो भी हैं, जिनमें डॉक्टर द्वारा महिला से अभद्रता करते हुए देखा और सुना जा सकता है। वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है, जांच उपरांत उचित कार्रवाई की जाएगी।


