कटनी जिले में पशु चिकित्सा सेवाओं में कार्यरत 400 से अधिक प्रशिक्षित गौ सेवक ‘मैत्री’ ने मंगलवार को काम बंद कर दिया है। कई वर्षों से मानदेय न मिलने के विरोध में यह निर्णय लिया गया है, जिससे जिले के किसानों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। प्रशिक्षित गौ सेवक ‘मैत्री’ जिला संघ ने अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर को सौंपा। संघ का कहना है कि वे पिछले 25 वर्षों से ग्रामीण क्षेत्रों में पशु स्वास्थ्य, कृत्रिम गर्भाधान और पशुधन प्रबंधन जैसी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। कई महीनों से वेतन का भुगतान नहीं संघ के जिला अध्यक्ष प्रदुम कुमार पाटकार ने बताया कि इतने वर्षों की सेवा के बावजूद उन्हें नियमित मानदेय नहीं मिल रहा है। कई महीनों से वेतन का भुगतान न होने के कारण उनके परिवारों का भरण-पोषण करना कठिन हो गया है। मानदेय की समस्या के चलते जिले भर के लगभग 400 से अधिक प्रशिक्षित गौ सेवकों ने अनिश्चितकाल के लिए काम बंद कर दिया है। पाटकार ने कहा कि यह विरोध तब तक जारी रहेगा जब तक उन्हें हर महीने नियमित रूप से भुगतान नहीं मिल जाता। गौ सेवकों के काम बंद करने से पशु चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे कटनी जिले में पशु चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हुई हैं, जिससे किसानों को भारी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।


