भास्कर न्यूज | अमृतसर पंजाब पॉल्यूशन बोर्ड (पीपीसीबी) ने गुरुनगरी में 1200 गट्टू बरामद किए हैं। यह खेप करनाल कुकरेजा ट्रेडिंग कंपनी से ट्रक में लोड होकर घी-मंडी चौक स्थित सुरजीत ट्रांसपोर्ट में आई थी, जिसे जंडियाला भेजा जाना था। इसकी बिलटी निखिल नाम के शख्स से कटी थी। खेप पकड़े जाने के बाद ट्रासपोर्ट के अफसरों ने माल मंगवाने वाले शख्स को पुलिस को सौंप दिया है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। दरअसल, क्षेत्रीय पॉल्यूशन बोर्ड के अफसरों को हैड ऑफिस से जानकारी दी गई कि घी-मंडी स्थित सुरजीत ट्रासंपोर्ट में गट्टुओं की बड़ी खेप ट्रक पर लोड होकर पहुंची है। जिसके बाद एसडीओ जसप्रीत सिंह 20 मिनट में अपने ड्राइवर के साथ मौके पर पहुंच गए। पहले तो टीम को समझ नहीं आया कि गट्टू किस जगह पर होंगे। अंदर चेकिंग शुरू की गई तो साइड में गत्ते के बॉक्स येलो कलर की बोरियों से सील किए हुए हैं। बॉक्स को खोलने पर गट्टू निकले। इसके बाद अन्य पेटियों को भी खोला गया तो उसमें गट्टू भरे पड़े थे। कुल 20 पेटियां बरामद की गई हैं। वहीं एसडीओ ने इसकी जानकारी बी-डिवीजन थाने को दी तो महज 15 मिनट में ही एसएचओ टीम के साथ पहुंच गए और कार्रवाई शुरू कर दी। बरामद गट्टू का भार करीब 5-6 क्विंटल लगाया जा रहा है। जिस ट्रांसपोर्टर के नाम से बिल्टी कटी थी उसका नंबर ट्रेस करने के बाद पूछताछ शुरू कर दी गई है। एसडीओ ने ट्रांसपोर्टर के नाम से पर्चा दर्ज करने के लिए लिखित में पुलिस को कंपलेन दी है। जो गट्टू मंगवाए गए हैं, उनको यान धागा बताकर मंगवाया गया था। यह धागा कपड़े बनाने या टेक्सटाइल्स इंडस्ट्री में यूज किया जाता है।


