सरगुजा में बाइक पेड़ से टकराई, युवती की मौत,मंगेतर गंभीर:अंबिकापुर-दरिमा रोड में हादसा, नेशनल हाईवे में इनोवा की टक्कर से महिला की मौत

सरगुजा जिले में 15 दिसंबर की रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में 2 महिलाओं की मौत हो गई। अंबिकापुर-दरिमा मार्ग में तेज रफ्तार बाइक बेकाबू होकर पेड़ से जा टकराई। हादसे में एक युवती की जान चली गई, वहीं, उसका उसका मंगेतर गंभीर रूप से घायल है। बताया जा रहा है दोनों मीना बाजार देखकर घर लौट रहे थे, तभी हादसा हुआ। वहीं, एक अन्य हादसे में केवरा गांधी चौक के पास सड़क पार कर रही महिला को तेज रफ्तार इनोवा ने टक्कर मार दी। महिला उछलकर दूर जा गिरी। सिर फटने से उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। मामला लखनपुर थाना क्षेत्र का है। मीना बाजार देखकर लौट रहे थे बाइक सवार जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर-दरिमा मार्ग में 15 दिसंबर की रात तेज रफ्तार बाइक बेकाबू होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई। हादसे में बाइक सवार युवती सानिया कंवर (18 साल) वहीं उसका मंगेतर अर्जुन सिंह (21 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची एवं दोनों को मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल पहुंचाया। हादसे की सूचना पर देर रात परिजन हॉस्पिटल पहुंचे। परिजनों ने बताया कि अर्जुन सिंह एवं सानिया कंवर की शादी तय हो गई थी। दोनों दोनों नावापारा के दरिमा के रहने वाले थे। 15 दिसंबर को बाइक से अंबिकापुर मीना बाजार देखने आए थे। मीना बाजार देखकर वापस लौटने के दौरान हादसा हुआ। हादसे में अर्जुन सिंह को गंभीर चोटें आई हैं, उसे आईसीयू में दाखिल किया गया है। दोनों बाइक सवारों ने हेलमेट नहीं पहना था। दरिमा पुलिस मामले की जांच कर रही है। इनोवा की टक्कर से महिला की मौत एक अन्य हादसे में नेशनल हाईवे 130, अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग में केवरा गांधी चौक के पास 15 दिसंबर की रात सड़क पार कर रही महिला को तेज रफ्तार इनोवा ने चपेट में ले लिया। इनोवा की टक्कर से महिला उछलकर सड़क पर गिर गई। सिर में गंभीर चोट के कारण उसकी मौत हो गई। मृतका की शिनाख्त ग्राम केवरा निवासी सावित्री गोंड (55 वर्ष) के रूप में हुई है। वह सामान लेने दुकान की ओर निकली थी। घटना की सूचना पर लखनपुर पुलिस ने अपराध दर्ज किया है एवं मामले की जांच की जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *