डीग के किशन लाल जोशी राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल में मंगलवार को जिला स्तरीय प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। यह प्रदर्शनी राज्य सरकार के सुशासन और सेवा के दो वर्ष पूरे होने तथा लोक-कल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से लगाई गई थी। जिला कलेक्टर उत्सव कौशल ने फीता काटकर इसका विधिवत शुभारंभ किया और ‘जिला विकास पुस्तिका’ का विमोचन भी किया। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा आयोजित इस प्रदर्शनी में फ्लैक्स और पैनलों के माध्यम से राज्य और केंद्र सरकार की प्रमुख योजनाओं को दर्शाया गया। इसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत ढांचे और कृषि क्षेत्र में हुई प्रगति को प्रमुखता से दिखाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के ‘विकसित भारत-विकसित राजस्थान’ के विजन को भी प्रदर्शित किया गया। उद्घाटन के बाद जिला कलेक्टर ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ प्रदर्शनी का अवलोकन किया। स्कूल के विद्यार्थियों, स्काउट-गाइड्स और आम नागरिकों ने उत्साह के साथ प्रदर्शनी देखी और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। ‘जिला विकास पुस्तिका’ के विमोचन के दौरान जिला कलेक्टर ने बताया कि इसमें डीग जिले में पिछले कार्यकाल में हुए विकास कार्यों, नवाचारों और भविष्य की योजनाओं का विस्तृत संकलन है। उन्होंने कहा कि यह पुस्तिका आमजन को सरकार के कार्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहन सिंह, संयुक्त निदेशक (सूचना एवं प्रौद्योगिकी विभाग) जगदीश प्रसाद, उपनिदेशक (सांख्यिकी विभाग) विकास कुमार शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी मनोज खुराना, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. विजय सिंघल, जिला रसद अधिकारी भागूराम महला, जिला परिवीक्षा एवं समाज कल्याण अधिकारी कुलदीप सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी, कर्मचारी और स्कूल स्टाफ शामिल थे।


