पवित्र नगरी पन्ना में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मांझा लालिया क्षेत्र से 40 पेटी शराब जब्त की है। यह शराब लावारिस हालत में मिली थी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सिविल लाइन चौकी अंतर्गत लालिया में अवैध शराब की एक बड़ी खेप लावारिस पड़ी होने की सूचना मिली थी। यह घटना पन्ना में शराबबंदी के बावजूद अवैध बिक्री जारी रहने की ओर इशारा करती है। पन्ना कोतवाली टीआई रोहित मिश्रा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। टीम ने करीब 40 पेटी अवैध शराब जब्त की। टीआई मिश्रा के अनुसार, जब्त की गई शराब की खेप काफी बड़ी है। आरोपी फिलहाल मौके से फरार हैं। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि शराब की इतनी बड़ी खेप कहां से आई थी।


