मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा 19 दिसंबर को धौलपुर में एक प्रदेश स्तरीय महिला सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस सम्मेलन का आयोजन 19 दिसंबर को दोपहर 12 बजे पचगांव के पास आयोजित होगा। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंगलवार को जिला प्रभारी मंत्री और गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढ़म ने सभा स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर श्रीनिधि, पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान और भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष राजवीर सिंह भी मौजूद रहे। उन्होंने कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 91 लाख पेंशनभोगियों को 1100 करोड़ रुपए दिए जाएंगे
इस प्रदेश स्तरीय सम्मेलन में विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को राशि वितरित की जाएगी। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 91 लाख पेंशनभोगियों को लगभग 1100 करोड़ रुपए प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, मुख्यमंत्री रसोई गैस सब्सिडी योजना के अंतर्गत 59 लाख परिवारों को 142 करोड़ रुपए का लाभ मिलेगा।
पालनहार योजना के 5.95 लाख लाभार्थियों को 103 करोड़ रुपए की सहायता राशि दी जाएगी। मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा छात्रवृत्ति योजना के तहत 5000 विद्यार्थियों को 2.5 करोड़ रुपए मिलेंगे। अनुसूचित जाति एवं जनजाति के 1.86 लाख छात्रों को पूर्व मैट्रिक छात्रवृत्ति के रूप में 11 करोड़ रुपए और लाडो योजना के 18,000 लाभार्थियों को 4.5 करोड़ रुपए आवंटित किए जाएंगे। हेल्थ इंश्योरेंस कार्ड की ऑपरेबिलिटी भी लागू की जाएगी
सम्मेलन में हेल्थ इंश्योरेंस कार्ड की ऑपरेबिलिटी भी लागू की जाएगी। इस पहल का उद्देश्य सभी लाभार्थियों को कहीं भी और कभी भी निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
इस कार्यक्रम के लिए राजीविका और ग्रामीण विकास विभाग नोडल विभाग के रूप में कार्य करेंगे। इसमें अतिरिक्त मुख्य सचिव (ग्रामीण विकास), मुख्य कार्यकारी अधिकारी (राजस्थान स्टेट हेल्थ इंश्योरेंस), निदेशक (सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता), निदेशक (माध्यमिक शिक्षा, बीकानेर) और आयुक्त (महिला अधिकारिता) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।


