नरसिंहपुर जिले में यूरिया वितरण व्यवस्था में अव्यवस्थाओं को लेकर किसानों का आक्रोश मंगलवार को सामने आया। ठेमी-करकबेल मार्ग पर नयागांव स्थित वेयर हाउस के सामने किसानों ने चक्का जाम कर दिया, जिससे लगभग एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। चक्का जाम की सूचना मिलते ही गोटेगांव के तहसीलदार और ठेमी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। प्रदर्शनकारी किसानों ने आरोप लगाया कि प्रशासन यूरिया की पर्याप्त आपूर्ति का दावा कर रहा है, लेकिन उन्हें खाद के लिए लंबी कतारों और जटिल टोकन प्रणाली का सामना करना पड़ रहा है। इसी नाराजगी के चलते किसानों ने सड़क अवरुद्ध कर विरोध दर्ज कराया। वहीं, कृषि उपसंचालक मोरिस नाथ ने स्पष्ट किया कि जिले में यूरिया की कोई कमी नहीं है। उनके अनुसार, पैक्स और डबल लॉक केंद्रों में पर्याप्त भंडारण मौजूद है। हाल ही में एक रैक के माध्यम से 3633 मीट्रिक टन यूरिया प्राप्त हुआ है। गाडरवारा डबल लॉक केंद्र में 136 मीट्रिक टन और सालीचौक में 108 मीट्रिक टन यूरिया का भंडारण किया गया है। इसके अतिरिक्त, जिले की समितियों में लगभग 900 मीट्रिक टन यूरिया का वितरण भी किया गया है। उन्होंने बताया कि वितरण को सुव्यवस्थित रखने के लिए टोकन प्रणाली लागू की गई है, जिसके तहत प्रतिदिन सीमित संख्या में किसानों को खाद दी जाती है। एक पीओएस मशीन से रोजाना लगभग 100-125 किसानों को ही यूरिया मिल पाता है। कृषि उपसंचालक ने किसानों से धैर्य रखने और सहयोग करने की अपील करते हुए आश्वासन दिया कि जिन्हें अगले दिन का टोकन दिया गया है, उन्हें नियमानुसार यूरिया उपलब्ध कराया जाएगा।


