जिला विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ:बूंदी में दो साल की उपलब्धियां प्रदर्शित; गरड़दा मॉडल आकर्षण का केंद्र

राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने पर बूंदी की आर्ट गैलरी में तीन दिवसीय ‘जिला विकास प्रदर्शनी’ का शुभारंभ किया गया। जिला कलेक्टर अक्षय गोदारा ने मंगलवार को फीता काटकर इसका विधिवत उद्घाटन किया। यह प्रदर्शनी सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय द्वारा आयोजित की जा रही है। इस अवसर पर जिला कलेक्टर गोदारा ने जिले में पिछले दो सालों में हुए विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शनी आमजन के लिए प्रेरणादायक है, जो जिले में आए बदलावों को दर्शाती है। प्रदर्शनी के उद्घाटन समारोह में नगर परिषद सभापति सरोज अग्रवाल, जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा, अतिरिक्त जिला कलेक्टर रामकिशोर मीणा, सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी अनुप्रिया और राजकुमार श्रृंगी सहित कई जनप्रतिनिधि व गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। आर्ट गैलरी में प्रवेश करते ही फ्लेक्स पैनल बोर्ड के माध्यम से राज्य और बूंदी जिले की प्रगति कहानी प्रस्तुत की गई है। इन पैनल्स पर पिछले दो वर्षों के दौरान आधारभूत ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के क्षेत्रों में हुए कार्यों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। जिला कलेक्टर ने प्रत्येक पैनल का बारीकी से अवलोकन किया और प्रदर्शित चित्रों के माध्यम से दर्शाई गई विकास यात्रा की प्रशंसा की। प्रदर्शनी परिसर में विभिन्न सरकारी विभागों ने अपनी उपलब्धियों को दर्शाने के लिए स्टॉल लगाए हैं। इनमें जयपुर विद्युत वितरण निगम, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, आयुर्वेद, शिक्षा, महिला अधिकारिता, स्वच्छ भारत मिशन, जिला मत्स्य विकास परियोजना और सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग शामिल हैं। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा तैयार किया गया ‘गरड़दा पेयजल एवं सिंचाई परियोजना’ का मॉडल प्रदर्शनी का मुख्य आकर्षण रहा, जिसे आमजन और अतिथियों ने खूब सराहा। कलक्टर अक्षय गोदारा ने प्रत्येक स्टॉल पर जाकर अधिकारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन और जनता को मिल रहे लाभ के बारे में जानकारी ली। जिला विकास पुस्तिका’ का विमोचन
इस अवसर पर जिला कलेक्टर ने सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय, बूंदी द्वारा प्रकाशित ‘जिला विकास पुस्तिका’ का विमोचन भी किया। पुस्तिका में बीते दो सालों में बूंदी जिले में हुए विकास कार्यों का विस्तृत ब्योरा और राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का समावेश किया गया है, ताकि आमजन एक ही जगह पर सभी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कर सकें। साथ ही, विभाग की ओर से प्रचार साहित्य का वितरण भी किया गया। प्रदर्शनी प्रतियोगी परीक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए उपयोगी
विकास प्रदर्शनी केवल सरकारी उपलब्धियों का लेखा-जोखा नहीं है, बल्कि ज्ञान का एक बड़ा स्रोत भी है। यह प्रदर्शनी 18 दिसंबर तक प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक आमजन के लिए पूरी तरह निशुल्क खुली रहेगी। प्रदर्शनी में उपलब्ध जानकारी और वितरित की जा रही प्रचार सामग्री विशेष रूप से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए ‘करंट अफेयर्स’ और सरकारी योजनाओं को समझने में बेहद उपयोगी साबित होगी। जिला कलेक्‍टर ने युवाओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस प्रदर्शनी का लाभ उठाएं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *