धार जिले के धामनोद नगर परिषद क्षेत्र की संजय नगर कॉलोनी के लोग आज बड़ी संख्या में कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने तहसीलदार दिनेश उईके को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए वर्षों से लंबित पट्टा समस्या के समाधान की मांग की। रहवासियों ने बताया कि संजय नगर कॉलोनी में करीब 400 घरों में लगभग 2000 लोग पिछले 40 वर्षों से निवास कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें पट्टे नहीं मिल पाए हैं। पट्टा नहीं होने के कारण ये सभी परिवार प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभ से वंचित हैं। क्षेत्रीय पार्षद प्रतिनिधि जमील खान का कहना है कि जिस भूमि पर वे रह रहे हैं, उसे पुलिस लाइन की जमीन बताया जा रहा है। इसी कारण नगर परिषद द्वारा उनके पट्टे नहीं बनाए जा रहे हैं। पट्टा दिलाने की मांग को लेकर रहवासी कई बार धरना-प्रदर्शन भी कर चुके हैं, लेकिन आज तक कोई ठोस समाधान नहीं हुआ। टैक्स भरने भी तैयार रहवासी
रहवासियों का कहना है कि यदि नगर परिषद उनके पट्टे बना देती है, तो वे नियमित रूप से नगर परिषद को टैक्स देने के लिए तैयार हैं। उसी कॉलोनी के कुछ लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ भी मिल चुका है, लेकिन कई लोग इससे वंचित हैं। पट्टा नहीं होने के कारण क्षेत्रवासी आज भी कच्चे मकानों में रहने को मजबूर हैं। बारिश, तेज हवा और आंधी के दौरान घरों की छत उड़ने और मकानों में पानी भरने का खतरा बना रहता है, जिससे परिवारों में डर और असुरक्षा का माहौल रहता है। पुलिस लाइन के 400 घरों का सर्वे नहीं किया जा रहा
क्षेत्र के पार्षद प्रतिनिधि जमील खान ने बताया कि जिन परिवारों के पास पट्टे नहीं हैं, उनका सर्वे किया जाना चाहिए। कुछ इलाकों में सर्वे का कार्य चल रहा है, लेकिन पुलिस लाइन की जमीन बताकर करीब 400 घरों का सर्वे नहीं किया जा रहा। नगर परिषद और तहसील कार्यालय का कहना है कि जमीन विवादित होने के कारण पट्टे नहीं बनाए जा सकते। इस मामले में धार तहसीलदार दिनेश उईके ने ज्ञापन लेकर रहवासियों को आश्वासन दिया कि उनकी मांग को संबंधित उच्च अधिकारियों तक भेजा जाएगा और पट्टा दिलाने की दिशा में जल्द आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। देखिए तस्वीरें


