करौली के मंडरायल उपखंड क्षेत्र के वार्ड नंबर 3 स्थित हनुमान पांडे मोहल्ले में पिछले चार दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप है। इससे परेशान स्थानीय निवासियों ने उपखंड कार्यालय पर प्रदर्शन किया और तत्काल समस्या समाधान की मांग की। स्थानीय निवासियों ने बताया कि वार्ड नंबर 3 हनुमान पांडे क्षेत्र में चार दिन से नलों में पानी नहीं आ रहा है। इस समस्या को लेकर जलदाय विभाग के कर्मचारियों को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर क्षेत्रवासियों ने आम जनता के साथ मिलकर उपखंड अधिकारी (एसडीएम) को ज्ञापन सौंपा और पेयजल आपूर्ति बहाल कराने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान मनोज सिंह जादौन के नेतृत्व में लोगों ने जलदाय विभाग के सहायक अभियंता जगदीश मीणा से फोन पर बात कर समस्या से अवगत कराया। इस पर सहायक अभियंता ने एक-दो दिन में पेयजल समस्या का समाधान करने का आश्वासन दिया। हालांकि, लोगों ने चेतावनी दी कि यदि तय समय में पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हुई तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी की कमी से दैनिक जरूरतों के साथ-साथ बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग की है। प्रदर्शन में बबलू जोशी, रवि करण मांगलिया, राहुल हरिजन, राम सिंह माली, मुन्ना राणा, विशाल हरिजन, पिंटू अग्रवाल, पूर्व चेयरमैन दिलीप हरिजन सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।


