हनुमानगढ़ जिले के टिब्बी में प्रस्तावित एथेनॉल केमिकल फैक्ट्री को अन्यत्र स्थानांतरित करने और किसानों पर हुए लाठीचार्ज के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग अब चूरू में भी उठने लगी है। इसे लेकर मंगलवार को अखिल भारतीय किसान सभा ने जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। किसान सभा के एडवोकेट निर्मल कुमार प्रजापत ने ज्ञापन में बताया कि हनुमानगढ़ के टिब्बी में एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में किसान लंबे समय से प्रदर्शन कर रहे हैं। स्थानीय लोग भी फैक्ट्री को उपजाऊ क्षेत्र से हटाने की मांग कर रहे हैं। दस दिसंबर को बुलाई गई महापंचायत को स्थानीय प्रशासन और सरकार ने गंभीरता से नहीं लिया। इस दौरान आंदोलनकारी किसानों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया, जिसमें कई किसान और अन्य लोग घायल हो गए। किसान सभा की जिला कमेटी के पदाधिकारियों ने लाठीचार्ज करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और एथेनॉल केमिकल फैक्ट्री को उपजाऊ क्षेत्र से अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने समय रहते किसानों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासन और राज्य सरकार की होगी। ज्ञापन सौंपने वालों में इंद्राज सिंह, उमराव सिंह, शुभकरण और मदन जाखड़ सहित कई किसान मौजूद थे।


