पन्ना में मंगलवार, 16 दिसंबर को एक यात्री बस और ट्रक के बीच टक्कर हो गई। यह हादसा एनएच-39 पर एनएमडीसी कॉलोनी के पास मिलन ढाबा के निकट हुआ। इस दुर्घटना में आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, छतरपुर से पन्ना आ रही परम ज्योति की यात्री बस (क्रमांक-एमपी-19 पी-1189) जब मिलन ढाबा के पास पहुंची, तो सामने चल रहे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे बस चालक नियंत्रण खो बैठा और बस ट्रक से जा टकराई। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को तत्काल डायल 112 की मदद से पन्ना जिला चिकित्सालय पहुंचाया। सभी घायलों का उपचार जारी है। घायलों में छतरपुर निवासी तरुनुम बानो और रईसा बानो, सीधी निवासी उमेश साकेत, इलायची साकेत और बरमदीन साकेत, पन्ना निवासी मेघा चौरसिया और अभिषेक चौरसिया, तथा रामपुर अमानगंज निवासी गुलाब बाई आदिवासी और गुलजार बाई आदिवासी शामिल हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना में यात्री बस का अगला हिस्सा और ट्रक का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।


