शिवपुरी वार्ड 16 की कॉलोनी में भू-माफियाओं पर गंभीर आरोप:मूलभूत सुविधाओं का अभाव, महिलाएं बोलीं- बिजली चोरी करते हैं, सजा भी भुगतते हैं

शिवपुरी शहर के वार्ड क्रमांक 16 स्थित मुर्गी फॉर्म के पीछे गोशाला लुधावली न्यू कॉलोनी के लगभग 50 परिवारों ने कलेक्टर जनसुनवाई में आवेदन दिया है। इन परिवारों ने भू-माफियाओं पर गंभीर आरोप लगाए हैं और कॉलोनी में मूलभूत सुविधाओं के अभाव की शिकायत की है। पीड़ितों का कहना है कि कॉलोनाइजरों ने उन्हें गुमराह कर भूखंड बेच दिए, लेकिन वर्षों बाद भी सड़क, नाली, पानी और बिजली जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई हैं। इस कारण उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कॉलोनी निवासी सायरा खान ने बताया कि उन्होंने दो लाख रुपए में प्लॉट खरीदा था और उस पर मकान भी बनवा लिया है। सुविधाओं के अभाव में उन्हें काफी दिक्कतें आ रही हैं। सायरा खान का कहना है कि वे अपना मकान बेचने को भी तैयार हैं, लेकिन सुविधाओं की कमी के कारण कोई खरीदार नहीं मिल रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि कॉलोनी में बिजली की कोई वैकल्पिक व्यवस्था न होने के कारण उन्हें मजबूरी में बिजली चोरी करनी पड़ती है। इसके लिए उन्हें सजा भी भुगतनी पड़ रही है। सायरा खान ने कहा कि बिना किसी गलती के वे लगातार परेशान हो रही हैं। आवेदन में जिन कॉलोनाइजरों के नाम सामने आए हैं, उनमें शराफत खान, सुनीता चतुर्वेदी, विनीत श्रीवास्तव, अशोक सक्सैना, राम सरकार, अनीस खान और आजाद खान शामिल हैं। पीड़ित परिवारों ने कलेक्टर से मांग की है कि कॉलोनी में नियमानुसार सभी मूलभूत सुविधाएं शीघ्र उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही, संबंधित कॉलोनाइजरों के खिलाफ जांच कर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाए। पीड़ितों ने यह भी कहा है कि जांच के दौरान वे सभी आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए तैयार हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *