शाजापुर के प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस पंडित बालकृष्ण शर्मा ‘नवीन’ शासकीय महाविद्यालय में मंगलवार दोपहर 12 बजे करीब एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने शिक्षकों की अनुपस्थिति को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने इस संबंध में कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. वीपी मीणा को एक ज्ञापन सौंपा। एनएसयूआई के ब्लॉक अध्यक्ष कबीर कुरैशी ने बताया कि वर्तमान में महाविद्यालय में परीक्षाएं चल रही हैं, जो एक महत्वपूर्ण समय है। इसके बावजूद, कुछ शिक्षक, जिनकी परीक्षा ड्यूटी नहीं लगी है, वे भी निर्धारित समय से पहले कॉलेज छोड़कर जा रहे हैं। इससे परीक्षा व्यवस्था, अनुशासन और शैक्षणिक माहौल प्रभावित हो रहा है। कार्यकर्ताओं के अनुसार, परीक्षा अवधि के दौरान सभी शिक्षकों की उपस्थिति अनिवार्य है। इससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता मिल सकती है और विद्यार्थियों में अनुशासन बना रहता है। शिक्षकों की अनुपस्थिति से छात्रों को असुविधा होती है और प्रशासनिक कार्यों में भी बाधा आती है। एनएसयूआई ने प्रभारी प्राचार्य से मांग की कि इस मामले को गंभीरता से लिया जाए और सभी शिक्षकों को परीक्षा अवधि में निर्धारित समय तक महाविद्यालय में उपस्थित रहने के स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं। ज्ञापन सौंपते समय एनएसयूआई के कई पदाधिकारी और छात्र मौजूद थे। प्राचार्य डॉ. वी.पी. मीणा ने ज्ञापन स्वीकार करते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।


