हरदा जिला मुख्यालय के पीएम श्री कॉलेज में मंगलवार को प्राचार्य डॉ. संगीता बिले ने सिविल ड्रेस में आए विद्यार्थियों को कॉलेज के भीतर प्रवेश नहीं दिया। यह कदम ड्रेस कोड का पालन न करने वाले छात्रों के खिलाफ उठाया गया है। प्राचार्य ने सख्त रुख अपनाते हुए उन छात्र-छात्राओं को गेट पर ही रोक दिया, जो कॉलेज यूनिफॉर्म में नहीं थे। उन्होंने बताया कि बार-बार निर्देश देने के बावजूद विद्यार्थी ड्रेस कोड का पालन नहीं कर रहे थे, जिसके कारण यह कठोर निर्णय लेना पड़ा। डॉ. बिले ने जानकारी दी कि महाविद्यालय में करीब एक साल पहले बाहरी तत्वों के प्रवेश को रोकने और एकरूपता लाने के उद्देश्य से ड्रेस कोड लागू किया गया था। यह नियम सभी विद्यार्थियों पर लागू होता है। जब छात्रों से ड्रेस में न आने का कारण पूछा गया, तो कुछ ने अगले दिन से ड्रेस पहनने की बात कही। वहीं, कुछ छात्रों ने ड्रेस कोड के बारे में जानकारी न होने का जवाब दिया, जबकि कुछ ने जल्द ही ड्रेस बनवाने का आश्वासन दिया। प्राचार्य बिले ने स्पष्ट किया कि महाविद्यालय में एकरूपता बनाए रखने के लिए ड्रेस कोड अनिवार्य है। अब सभी विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म पहनकर आने पर ही महाविद्यालय में प्रवेश दिया जाएगा। प्रवेश के दौरान गेट पर ही छात्रों की एंट्री भी जांची जा रही है। देखिए तस्वीरें…


