फलोदी में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत 29,142 लोगों का नाम कट गया है। जिन लोगों के नाम कटे है, इसका कारण भी विभाग ने वेबसाइट पर डिटेल के साथ बताया है। फलोदी जिला कलेक्टर श्वेता चौहान ने आज राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक बैठक की। इस बैठक में उन्होंने मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के संबंध में विस्तृत जानकारी दी, जिसमें काटे गए नाम और बढ़ाए गए मतदान केंद्रों की संख्या शामिल थी। कलेक्टर ने बताया-मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण 2026 कार्यक्रम के तहत 4 नवंबर से 11 दिसंबर 2025 तक सभी मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित और संग्रहित किए गए थे। गहन पुनरीक्षण कार्य शुरू होने से पहले फलोदी जिले में कुल 5,49,800 मतदाता थे। गणना चरण के दौरान, फलोदी जिले में कुल 5,20,658 मतदाताओं ने अपने गणना प्रपत्र भरकर जमा कराए, जिनके नाम 16 दिसंबर को जारी प्रारूप मतदाता सूची में शामिल कर लिए गए हैं। हालांकि, 29,142 मतदाताओं के गणना प्रपत्र अप्राप्त रहे। अप्राप्त गणना प्रपत्रों के ये रहे कारण कलेक्टर ने बताया-16 दिसम्बर से 15 जनवरी 2026 तक आपत्तियां ली जाएगी। इसके बाद 14 फरवरी 2026 को मतदाता सूचियों का अंतिम प्रकाश होगा। फलोदी जिला एक नजर में
जिले में 78 मतदान केंद्र नए बने
जिला कलेक्टर ने बताया-इस अभियान के तहत जिले में 78 नए मतदान केंद्र बढ़ाए गए हैं, जिससे अब कुल मतदान केंद्रों की संख्या 627 हो गई है। प्रत्येक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1,200 मतदाता पंजीकृत किए गए हैं। गणना चरण के दौरान, प्रत्येक मतदान केंद्र पर बीएलओ द्वारा राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के साथ बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में अप्राप्त गणना प्रपत्रों की सूची और उनके कारण साझा किए गए। यह जानकारी जिले की वेबसाइट https://phalodi.rajasthan.gov.in पर भी उपलब्ध हैं। नए मतदाता कैसे जुड़वाए अपना नाम ?
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि ऐसे वोटर जो 1 अप्रेल 2026, 1 जुलाई 2026 या 01 अक्टूबर 2026 को 18 साल की आयु पूर्ण कर चुके है। वे अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने के लिए फॉर्म -6 एवं निर्धारित घोषणा पत्र भरकर आवेदन प्रस्तुत कर सकते है। इसके साथ ही राज्य से बाहर के मतदाताओं के स्थानांतरण के लिए फॉर्म-8 के साथ घोषणा पत्र प्रस्तुत किया जाना अनिवार्य रहेगा।


