डबवाली में 13 लाख की अफीम जब्त:राजस्थान का अंतरराज्यीय तस्कर अरेस्ट, पुलिस को देखकर किया भागने का प्रयास

सिरसा जिले में डबवाली पुलिस और सीआईए कालांवाली ने चौटाला-संगरिया नाके पर एक अंतरराज्यीय नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 2 किलो 631 ग्राम अफीम बरामद हुई है, जिसकी कीमत करीब 13 लाख रुपए आंकी गई है। डीएसपी कालांवाली संदीप धनखड़ ने बताया कि 15 दिसंबर 2025 को सीआईए स्टाफ कालांवाली प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुरेश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के अनुसार, चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) निवासी भागचंद उर्फ राजू लाल भारी मात्रा में अफीम लेकर राजस्थान से डबवाली क्षेत्र की ओर आ रहा था। इस जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने चौटाला-संगरिया रोड पर रॉयल पैराडाइज पैलेस के पास नाकाबंदी की। पैदल ही आ रहा था तस्कर नाकाबंदी के दौरान, संगरिया की ओर से एक व्यक्ति पैदल आता दिखाई दिया, जिसके दाहिने कंधे पर एक पीठू बैग टंगा हुआ था। पुलिस टीम को देखकर वह घबरा गया और भागने की कोशिश करने लगा। सब इंस्पेक्टर सुरेश कुमार और उनकी टीम ने तत्परता दिखाते हुए उसे काबू कर लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान भागचंद उर्फ राजू लाल निवासी कोजूंदा, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) के रूप में बताई। पुलिस ने शक के आधार पर आरोपी के बैग की तलाशी ली, जिसमें से 2 किलो 631 ग्राम अफीम बरामद हुई। बरामद अफीम को जब्त कर लिया गया है। आरोपी भागचंद उर्फ राजू लाल के खिलाफ थाना सदर डबवाली में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पांच दिन पहले भी पकड़ा गया एक तस्कर डीएसपी संदीप धनखड़ ने यह भी बताया कि इससे पहले 11 दिसंबर 2025 को भी सीआईए कालांवाली की टीम ने चौटाला-संगरिया नाके से एक अन्य आरोपी नारायण लाल निवासी सुरजनवास, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) को गिरफ्तार किया था। उस समय उसके पास से 1 किलो 50 ग्राम अफीम बरामद हुई थी, जिसकी कीमत करीब 5 लाख रुपए थी। आरोपी भागचंद उर्फ राजू लाल को आज अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। रिमांड अवधि के दौरान उससे नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में गहन पूछताछ की जाएगी, ताकि पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *