मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एमपीआरडीसी) द्वारा निरंजनपुर चौराहे पर फ्लायओवर बनाने के लिए 15 दिन में नया डायवर्शन प्लान लागू किया जाएगा। इसके बाद विजय नगर से मांगलिया तरफ जाने वाले वाहनों को गलियों से होकर गुजरना पड़ेगा। इसके लिए एक ट्रैफिक सिग्नल भी देवास नाका चौराहे से निरंजनपुर वाली सड़क पर लगाया जाएगा। वहीं इस सड़क पर लोहा मंडी होने के चलते यहां खड़े रहने वाले ट्रकों को भी हटाया जाएगा। निर्माण एजेंसी के प्रोजेक्ट मैनेजर सुभाष दास ने बताया, डायवर्शन वाली सड़क पर डामरीकरण कर दिया है। इस हिस्से में नगर निगम ने 5 से 7 जगह पर गड्ढे किए हैं। हम निगम के साथ समन्वय कर रहे हैं ताकि उनका काम भी जल्दी पूरा हो जाए और हम इस सड़क को ठीक करके इस पर ट्रैफिक डायवर्ट कर सकें। डायवर्शन पर जहां सड़क मुड़ती है, वहां पेड़ों की कटाई के लिए नगर निगम को पत्र लिखा है। वहीं पूरे बीआरटीएस पर ट्रैफिक आसान करने के लिए अब निरंजनपुर का आई बस स्टॉप तोड़ा जा रहा है। एजेंसी द्वारा पलासिया चौराहे वाले बस स्टॉप की तर्ज पर ही दूसरा बस स्टॉप बनाने का काम किया जा रहा है। निरंजनपुर फ्लायओवर की दोनों तरफ की लेन 10-10 पिलर पर बनेगी। इसके सबसे ऊंचे हिस्से की लंबाई (स्पान) 60 मीटर रहेगी। इस स्पान के नीचे से ही गाड़ियां आर-पार होंगी। इनमें से 5 पिलर का काम शुरू होकर जमीन से ऊपर उठ गए हैं। ये सभी विजय नगर तरफ ही बने हैं, जहां बीआरटीएस कॉरिडोर में काम चल रहा है। चौराहे के उस पार मांगलिया तरफ अभी जमीन नहीं मिली है। यहां राजाराम ढाबा और इंडियन ऑइल पेट्रोल पंप सहित एक और निजी जमीन है, जिसका अधिग्रहण विभाग को करना है। इस प्रक्रिया में समय लग सकता है। राजाराम ढाबा के आगे की 15 मीटर जमीन फ्लायओवर निर्माण के लिए ली जाना है। देवास नाका चौराहे से मांगलिया तरफ के फ्लायओवर का 70% हिस्सा मांगलिया से विजय नगर वाली साइड पर बनेगा और 30% हिस्सा दूसरी साइड। इस 70% हिस्से के लिए जमीन अधिग्रहण की जाना है। 40 से ज्यादा पेड़ों को रेवती रेंज में किया जाएगा ट्रांसप्लांट विजय नगर से मांगलिया वाले ट्रैफिक को भी निर्माण के दौरान सर्विस रोड पर शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए यहां 40 पेड़ों को रेवती रेंज में ट्रांसप्लांट किया जाएगा। उसके बाद दो संकरी सर्विस रोड को जोड़कर एक चौड़ा रास्ता बनाया जाएगा, जिससे सुगम लेफ्ट टर्न बन सके और वाहन चालक डायवर्शन पर जा सकें। वहीं डायवर्शन वाली सड़क पर भी 4 पेड़ हैं, जिन्हें हटाया जाएगा।


