हरमाड़ा इलाके में चोर के घर चोरी करने वाली गैंग का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो बदमाशों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपी प्रकाश चंद मीणा अलवर के भहतुकला व विक्रम सिंह मीणा अलवर के खैरली के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों से चुराया गया डीजे का सामान (10 मशीन, एक बड़ी बैटरी, एक छोटी बैटरी, लैपटॉप, एक बड़ी एलईडी, 15 छोटी एलईडी, 4 मिक्सर, 3 लाइट रोल, 13 यूनिट सहित अन्य सामान) और वारदात के लिए काम में ली गई पिकअप बरामद की है। पुलिस टीमों ने 40 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज का एनालिसिस कर बदमाशों की पहचान की और 200 किलोमीटर पीछा कर अलवर से पकड़ लिया। मामले में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने वाले वाहन चोर रोशन जाट को भी पकड़ लिया, जिसे बोलेरो चोरी के मामले में रेनवाल मांझी पुलिस को सौंप दिया। डीसीपी अमित कुमार ने बताया कि इस संबंध में रोशन जाट ने रिपोर्ट दर्ज करवाई कि उनके मकान के ताले तोड़कर लाखों रुपए कीमत का डीजे का सामान चुरा लिया। सामने आया कि रोशन खुद वाहन चोर है और रेनवाल मांझी थाने के प्रकरण में वांटेड है। जिसे पकड़कर वहां की पुलिस को सुपुर्द कर दिया। इधर तलाश कर अलवर से दो बदमाशों को पकड़ लिया। पूछताछ में आया कि आरोपी और परिवादी चोर रोशन की जेल में जान पहचान हुई थी। जेल से छूटने के बाद भी दोनों साथ ही कैब कंपनी में ड्राइविंग चलाते थे। ऐसे में दोनों की गहरी दोस्ती हो गई। ऐसे में चोर को रोशन की पूरी गतिविधियों के बारे में पता था। इसलिए उसने रोशन के घर की जानकारी वीडियो कॉल के जरिए साथियों को बताई और उसके बाद गुगल लोकेशन ले ली। उसके बाद रात को लोकेशन के आधार पर मौके पर पहुंचे और वारदात को अंजाम दिया। डीसीपी ने बताया कि एसएचओ उदयभान की टीम इस चोरी हुए डीजे की जांच कर रही है कि यह खरीदा गया है या चोरी का है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि चोरी के सामान से गांव में डीजे की दुकान खोलना चाह रहे थे, लेकिन पुलिस ने पहले ही दबोच लिया। आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ की जा रही है।


