जयपुर के सीतापुरा स्थित चंदन वन में शुक्रवार से जयपुर फैशन एक्सपो 2025 शुरू हो रहा है। इस दो दिवसीय आयोजन का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा करेंगे। जयपुर गारमेंट क्लब की ओर से आयोजित इस एक्सपो में देश-विदेश के गारमेंट बायर और मैन्युफैक्चरर हिस्सा ले रहे हैं। जयपुर फैशन एक्सपो में 60 स्टॉल एक्सपो के मीडिया प्रभारी मोहित टेलर ने बताया कि एक्सपो में कुल 60 स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें जयपुर और अन्य शहरों के मैन्युफैक्चरर्स अपने परिधानों का प्रदर्शन करेंगे। खास बात यह है कि अमेरिका और लंदन जैसे देशों के साथ नेपाल, मुंबई, बेंगलुरु, कोलकाता और दिल्ली सहित कई शहरों के बायर यहां पहुंच रहे हैं। एक्सपो की थीम ब्लैक एंड व्हाइट और पेस्टल कलर है। यहां गोटा-पत्ती, सांगानेरी और बगरू प्रिंट के परिधानों के साथ अनारकली, कुर्तियां, इंडो-वेस्टर्न लहंगे और प्लाज़ो सेट जैसे परिधान प्रदर्शित किए जाएंगे। कोर कमेटी सदस्य शंकर जोशी ने कहा कि यह आयोजन मैन्युफैक्चरर्स और होलसेलर्स के बीच मजबूत व्यापारिक संबंध बनाने का एक बड़ा अवसर है। जयपुर गारमेंट क्लब के अध्यक्ष दीपक जैन ने बताया कि एक्सपो से जयपुर के मैन्युफैक्चरर्स को बड़े ऑर्डर मिलने की उम्मीद है।


