एसीबी कोटा की टीम ने बिल पास करने के एवज में 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते नगर पालिका मांगरोल के वरिष्ठ सहायक को गिरफ्तार किया है। आरोपी वरिष्ठ सहायक ने यह रिश्वत परिवादी से उसकी फर्म द्वारा किए गए विभिन्न कार्यों के बकाया बिलों को पास करने के एवज में मांगी थी। एसीबी के महानिदेशक डॉ. रवि प्रकाश मेहरड़ा ने बताया कि एसीबी की कोटा शहर इकाई को परिवादी की ओर से शिकायत दी गई थी। जिसमें बताया था कि उसकी फर्म की ओर से करवाए गए विभिन्न कार्यों के बकाया बिलों को पास करने के एवज में आरोपी वरिष्ठ सहायक धनप्रकाश की ओर से 35 हजार रुपए रिश्वत राशि मांग कर परेशान किया जा रहा है। जिस पर एसीबी कोटा डीआईजी शिवराज सिंह के सुपरविजन में एसीबी की कोटा शहर इकाई के एएसपी विजय स्वर्णकार के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन करवाया। सत्यापन के दौरान शिकायत सही मिलने पर एसीबी की ओर से गुरुवार को एसीबी कोटा के डीएसपी अनीष अहमद की टीम ने ट्रैप कार्रवाई की। इस दौरान एसीबी टीम ने मांगरोल में ट्रैप कार्रवाई की। आरोपी वरिष्ठ सहायक धनप्रकाश गालव को परिवादी से 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। एएसपी स्वर्णकार ने बताया कि एसीबी एडीजी स्मिता श्रीवास्तव के निर्देशन में आरोपी से पूछताछ और कार्रवाई जारी है। एसीबी की ओर से मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम जांच की जाएगी।


