सीकर में आज सुबह न्यूनतम तापमान में 0.5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। हालांकि जिले में पारा अभी भी 5 डिग्री से कम ही है। ऐसे में तेज सर्दी जारी है। आज सुबह जिले में कोहरा भी नहीं रहा। सीकर के कृषि अनुसंधान केंद्र फतेहपुर पर आज सुबह न्यूनतम तापमान 2.5 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि इससे पहले गुरुवार को न्यूनतम तापमान 2 डिग्री और अधिकतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया। बीते दो-तीन दिनों से जिले में कोहरा नहीं छा रहा है। लेकिन आज से प्रदेश के मौसम में बदलाव आ सकता है। आज प्रदेश के मौसम में नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस एक्टिव होने जा रहा है। ऐसे में आज और कल प्रदेश के कई इलाकों में बादल छाए रहने के साथ बारिश होने की संभावना है। बारिश के साथ ओले भी गिर सकते हैं। बारिश के असर से 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होने के आसार हैं। जयपुर मौसम केंद्र के द्वारा कल सीकर में भी बारिश होने के साथ ओले गिरने की संभावना जताई गई है। इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। वहीं बारिश थमने के बाद प्रदेश में घना कोहरा छा सकता है। केंद्र ने सीकर में 12 और 13 जनवरी को घना कोहरा छाने का येलो अलर्ट जारी किया है।


