राजगढ़| मध्य प्रदेश गौसेवक एवं मैत्री संघ ने अपनी मांगों को लेकर मंगलवार को जिला पशु चिकित्सालय में ज्ञापन दिया। संघ की मुख्य मांग है कि गौसेवक की नियुक्ति पंचायत स्तर पर की जाए और उन्हें उचित मासिक मानदेय दिया जाए। संघ ने ये भी मांग की है कि एक पंचायत में एक ही गौसेवक/मैत्री की नियुक्ति हो, और दुग्ध समृद्धि योजना की राशि 5 रुपए से बढ़ाकर एक सम्मानजनक राशि की जाए। संघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक शासन उनकी मांगों को पूरा नहीं करता और उचित मानदेय राशि प्रदान नहीं करता, तब तक जिले के सभी मैत्री और गौसेवक सभी सरकारी काम नहीं करेंगे। ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अध्यक्ष भारत सिंह यादव, पूर्व जिला अध्यक्ष मोहन सिंह वर्मा, प्रदेश मंत्री सर्जन सिंह, प्रदेश संयोजक ओम धाकड़, रमेश दांगी, दिनेश, लोकेंद्र बना सहित जिलेभर के सभी ब्लॉक के पदाधिकारी और गौसेवक/मैत्री साथी उपस्थित रहे। ज्ञापन की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री और प्रदेश पशुपालन एवं डेयरी विभाग भोपाल को भी भेजी गई है।


