करोड़ों का काम, 30 दिन का टाइम, टेंडरों में खेल की आशंका

भास्कर न्यूज | लुधियाना नगर निगम द्वारा बीएंडआर के ई-टेंडर 22 दिसंबर शाम 5 बजे खोलने और 31 दिसंबर शाम 5 बजे बंद करने की तैयारी ने शहर में नया विवाद खड़ा कर दिया है। इन टेंडरों में सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि 10 करोड़ से 26 करोड़ तक के 17 बड़े टेंडरों को महज तीन महीने में पूरा करने की शर्त रखी गई है, जबकि जनवरी और फरवरी में शहर के सभी हॉट मिक्स प्लांट बंद रहते हैं और वे मार्च में जाकर चालू होते हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि करोड़ों की लागत से बनने वाली सड़कें आखिर कैसे समय पर पूरी होंगी। लुधियाना को मजबूत सड़कें मिलेंगी या फिर जल्दबाजी में बने ये प्रोजेक्ट भविष्य में बड़े गड्ढों और भ्रष्टाचार की कहानी बनेंगे। जानकारों का कहना है कि एक सड़क के निर्माण में ही कम से कम एक महीना जाली बिछाने और गटका डालने में लग जाता है। इसके बाद हॉट मिक्स का काम होता है, जो सर्दियों में संभव ही नहीं। ऐसे में सड़क बनना तो मुश्किल है, लेकिन निगम समय सीमा के भीतर बिल बनाकर पास करने में जरूर सक्षम नजर आता है। इससे जनता के करोड़ों रुपये के नुकसान और गुणवत्ता से समझौते की आशंका जताई जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, इस पूरे टेंडर प्रोसेस के पीछे कुछ खास ठेकेदारों को फायदा पहुंचाने की योजना चल रही है। आरोप है कि जानबूझकर ऐसी शर्तें रखी गई हैं कि अच्छी क्वालिटी में सड़क बनाने वाले ठेकेदार मुकाबले से बाहर हो जाएं और सस्ती बिडिंग के जरिए चुनिंदा ठेकेदारों को काम मिल सके। इन टेंडरों में सबसे ज्यादा काम नॉर्थ और आत्म नगर हलके में प्रस्तावित है। नॉर्थ जोन में 7 सड़कें, आत्म नगर में 5, सेंट्रल एरिया में 2, साउथ में 2 और वेस्ट व ईस्ट जोन में 1-1 सड़क शामिल है। इस मुद्दे को लेकर लुधियाना हॉट मिक्स प्लांट वेलफेयर सोसाइटी की लोधी क्लब में 24 सदस्यों की बैठक हुई। सोसाइटी के प्रधान विनोद जैन ने कहा कि नगर निगम आमतौर पर 60 लाख से 1 करोड़ रुपये के काम के लिए 6 महीने का समय देता है, लेकिन यहां 10 करोड़ से 26 करोड़ रुपये के काम को एक महीने में पूरा करने की शर्त रखी गई है, जो किसी भी हाल में संभव नहीं। उन्होंने मांग की कि टेंडरों की समय-सीमा बढ़ाकर कम से कम एक साल की जाए, ताकि शहर की सड़कें मजबूत और टिकाऊ बन सकें। इस बारे में एसई शाम लाल गुप्ता का कहना है कि यह पंजाब सरकार का फैसला है, इसमें नगर निगम कुछ नहीं कर सकता। वहीं, गुणवत्ता को लेकर सवाल पर उन्होंने कहा कि जब सड़क बनेगी, तब देखा जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *