ग्वालियर के बहोड़ापुर थाना पुलिस ने ट्रांसपोर्ट नगर से एक बदमाश को गिरफ्तार किया है, जो किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। आरोपी के पास से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर यह जानने की कोशिश कर रही है कि वह किस अपराध को अंजाम देने आया था और हथियार उसे कहां से मिला। मामले का खुलासा बहोड़ापुर थाना प्रभारी जितेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति ट्रांसपोर्ट नगर में वारदात की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर एएसआई बृजेन्द्र सिंह तोमर और पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया। ट्रांसपोर्ट नगर पार्किंग नंबर छह में पहुंचने पर एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान कमल उर्फ केवल लोधी पुत्र भाव सिंह लोधी के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक कट्टा और जिंदा कारतूस बरामद किया गया। पुलिस जुटी जांच में अब पुलिस आरोपी से यह पता लगाने में जुटी है कि वह हथियार लेकर किस वारदात को अंजाम देने आया था। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हथियार उसे कहां से मिला, ताकि अवैध हथियार सप्लाई करने वालों पर कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगालना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही इस मामले में और खुलासे किए जाएंगे।


