अमृतसर में पारिवारिक विवाद में महिला पर जहरीला केमिकल फेंका:आंखों की रोशनी जाने का खतरा, भतीजी आरोपी, पुलिस जांच जारी

अमृतसर के थाना सदर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जवाहर नगर इलाके से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला द्वारा दूसरी महिला पर तेजाब या किसी जहरीले रासायनिक पदार्थ से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। इस हमले में पीड़िता की आंखों की रोशनी जाने का गंभीर खतरा बना हुआ है। पीड़ित महिला की पहचान संतोष कुमारी के रूप में हुई है। संतोष कुमारी ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि वह अपने घर के बाहर कपड़े धो रही थी। इसी दौरान अचानक एक महिला वहां आई और बिना किसी चेतावनी के उसके ऊपर कोई जहरीला केमिकल फेंक दिया और मौके से फरार हो गई। हमले के तुरंत बाद संतोष कुमारी की आंखों में तेज जलन होने लगी और अब उसकी आंखों से ठीक से दिखाई नहीं दे रहा है। मामूली पारिवारिक विवाद बना कारण पीड़िता का कहना है कि उसकी किसी के साथ कोई बड़ी दुश्मनी या झगड़ा नहीं था। केवल पारिवारिक स्तर पर मामूली कहासुनी हुई थी, लेकिन उसने कभी नहीं सोचा था कि बात इस हद तक पहुंच जाएगी। घटना के समय उसकी मां और भाई घर के अंदर मौजूद थे। इसके अलावा, घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं, जिनकी फुटेज पुलिस के लिए अहम सबूत साबित हो सकती है। संतोष कुमारी ने पुलिस प्रशासन से अपील की है कि उसे न्याय दिलाया जाए और दोषी के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। इस मामले को लेकर पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान सामने आया है कि हमला करने वाली महिला पीड़िता की भतीजी है, जिसकी पहचान चांदनी उर्फ रीचा के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की गंभीरता से जांच की जा रही है। डॉक्टरों की रिपोर्ट आने के बाद यह स्पष्ट किया जाएगा कि किस प्रकार का केमिकल इस्तेमाल किया गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *