लखीमपुर खीरी में मंगलवार को सीडीओ अभिषेक कुमार ने ब्लाक नकहा से आवास प्लस सर्वे की शुरुआत की। पहली लाभार्थी के रूप में झोपड़ी में रहने वाली पिंकी (पत्नी संजय) का विवरण आवास प्लस एप में दर्ज किया गया। सीडीओ ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पारदर्शी तरीके से लाभार्थियों का चयन करने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में ऑनलाइन सर्वे शुरू किया गया है। आवास प्लस एप लाभार्थियों के चयन में पारदर्शिता सुनिश्चित करेगा और आवास आवंटन प्रक्रिया को सरल बनाएगा। इसी दिन सीडीओ ने पीडी एसएन चौरसिया के साथ ग्राम पंचायत कटकुसमा का दौरा किया। वहां उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना के तीन लाभार्थियों – रमेश, सतीश और घनश्याम के आवासों का स्थलीय निरीक्षण किया। लाभार्थियों से बातचीत में पता चला कि उन्हें आवास निर्माण में कोई परेशानी नहीं हुई और किसी ने कोई अनुचित मांग नहीं की। पात्र व्यक्ति नहीं रहेगा वंचित
सीडीओ ने निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति सर्वे से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीबों को न केवल छत प्रदान कर रही है, बल्कि उन्हें आत्मसम्मान और सुरक्षित भविष्य का विश्वास भी दिला रही है।


