दौसा जिले में बीते दो दिन घने कोहरे के बाद बुधवार को मौसम पूरी तरह साफ रहा, जिसके चलते ठंड का असर अब और तेज हो गया है। यहां बीती रात का न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। ऐसे में लोगों को सुबह के वक्त कड़ाके की ठंड का अहसास हुआ और मॉनिंग वॉक के लिए पार्कों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही बेहद कम देखी गई। सर्दी से बचाव के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। वहीं तापमान की बात करें तो दिन का अधिकतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास स्थिर बना हुआ है, जबकि रात का तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। दो दिन पहले तक रात का तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, ऐसे में सर्द हवाओं के चलते न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान मौसम केन्द्र जयपुर के अनुसार राज्य के अधिकांश भागों में आगामी 1-2 दिनों में न्यूनतम तापमान सामान्य रहने के साथ ही राज्य के पूर्वी-पश्चिमी भागों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है। साथ ही आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना है। वहीं सर्दी बढ़ने को रबी फसलों के लिए फायदेमंद माना जा रहा है। किसानों का कहना है कि सर्दी से गेहूं, जौ और चना फसलों में ग्रोथ आएगी। कोहरा छाने के साथ ओस गिरने से भी फायदा होता है। लेकिन यदि न्यूनतम तापमान में और गिरावट हुई तो पाला जमने से नुकसान की संभावना रहती है। ऐसे में इससे किसान चिंतित हैं।


