कोतवाली पुलिस ने रात में पैदल शहर का किया भ्रमण:गलत-पार्किंग, बिना नंबर प्लेट 20 वाहनों के काटे चालान; यातायात नियम पर सख्ती

सिवनी में यातायात व्यवस्था सुधारने और सुरक्षा बढ़ाने के उद्देश्य से कोतवाली पुलिस ने रात में शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पैदल गश्त की। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार मेहता के निर्देश पर की गई, जिसका लक्ष्य आम जनता में सुरक्षा का विश्वास बढ़ाना और आपराधिक तत्वों में भय पैदा करना था। गश्त के दौरान, पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले और गलत तरीके से वाहन खड़े करने वाले चालकों पर कार्रवाई की। उन्हें रोककर नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। इसके अतिरिक्त, सड़क पर खड़े हाथ ठेले वालों को भी किनारे हटवाया गया ताकि यातायात सुचारु रहे। कोतवाली पुलिस ने विशेष रूप से नगर पालिका चौक, बुधवारी बाजार, मेन रोड मार्केट एरिया, शंकर मढ़िया, एलाईबी चौक, दुर्गा चौक और बुधवार शराब दुकान के सामने गश्त की। गलत पार्किंग और बिना नंबर वाहनों पर कार्रवाई इस अभियान में तीन सवारी वाले दुपहिया वाहनों, बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों और सड़क पर गलत तरीके से खड़े 20 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। सड़क किनारे दुकान लगाने वाले संचालकों को भी निर्देश दिए गए कि वे ग्राहकों के लिए पार्किंग की जगह सुनिश्चित करें और पार्किंग स्थलों पर अनावश्यक सामान या बोर्ड न रखें। मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कुल 20 चालान काटे गए, जिन पर 3600 रुपए का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले, नो-पार्किंग में वाहन खड़े करने वाले, दुपहिया वाहन पर तीन सवारी ले जाने वाले, मौके पर लाइसेंस प्रस्तुत न करने वाले, पुलिस के रोकने पर न रुकने वाले और अनियमित नंबर प्लेट वाले चालकों को भी नियमों का पालन करने की समझाइश दी। पुलिस ने आम जनता से अपील की कि किसी भी असामाजिक तत्व या आपराधिक गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इस पूरे अभियान में पुलिस अधीक्षक सिवनी सुनील कुमार मेहता और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा के नेतृत्व में थाना कोतवाली का स्टाफ मौजूद रहा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *