दौसा में लोकसभा, विधानसभा आम चुनाव और दौसा विधानसभा उपचुनाव के बाद अब पार्षद उप चुनाव में भी भाजपा को करारी हार का सामना करना पड़ा है। दरअसल, दौसा नगर परिषद वार्ड नंबर 17 के उपचुनाव में भाजपा के भूपेंद्र सैनी व कांग्रेस के दीपक प्रजापत के बीच सीधा मुकाबला हुआ, जिसमें शुक्रवार को हुई मतगणना में कांग्रेस के दीपक प्रजापत ने 164 वोटों से जीत हासिल कर भाजपा को शिकस्त दी। उपखण्ड निर्वाचन अधिकारी मूलचंद लूणिया ने बताया- नगर परिषद के वार्ड 17 के पार्षद के लिए गुरुवार को हुए मतदान में 1199 में से कुल 858 वोट पड़े। जहां शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित एसडीएम कोर्ट रूम में काउंटिंग हुई। जिसमें कांग्रेस को 510 और भाजपा को 346 वोट मिले। ऐसे में कांग्रेस के दीपक प्रजापत 164 वोट से विजय हुए। उपचुनाव के परिणाम से असंतुष्ट भाजपाइयों ने रिकाउंटिंग भी करवाई, लेकिन परिणाम में कोई परिवर्तन नहीं आया। जिसमें भाजपा को करारी शिकस्त मिली। मतगणना के दौरान सुरक्षा के चाक-चौबंद बंदोबस्त रहे। लगातार हार से उठ रहे सवाल केंद्र और राज्य में भाजपा की सत्ता होने के बावजूद दौसा में लगातार भाजपा की हार कहीं न कहीं जिले में भाजपा संगठन की कमजोर स्थिति दर्शा रही है। यहां भाजपा लगातार चार चुनाव हार चुकी है। लगातार हार की वजह क्या है यह तो विश्लेषण का विषय है, लेकिन यह साफ दर्शा रहा है कि कहीं ना कहीं जिला मुख्यालय पर भाजपा की पकड़ कमजोर होती जा रही है, इसके चलते भाजपा को लगातार हार मिल रही है।


