जैसलमेर जिले भर में सर्दी का असर लगातार तेज होता जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय ठंड अधिक महसूस की जा रही है। इससे बचाव के लिए लोग अलाव जलाकर ठंड से राहत पाने का प्रयास कर रहे हैं। सर्दी और कोहरे का असर फसलों पर भी दिखाई देने लगा है। किसानों का कहना है कि यह मौसम रबी की फसलों के लिए फायदेमंद साबित हो रहा है। गेहूं, चना और सरसों की फसलों को इससे अच्छा फायदा मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग की माने तो आने वाले छह दिनों के बाद जिले में कड़ाके की सर्दी का असर देखने को मिल सकता है। तब तक तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव बना रहेगा और दिन में धूप निकलने से राहत मिलने की संभावना है। तापमान सिंगल डिजिट में पहुंचा मंगलवार को अधिकतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.8 डिग्री अधिक रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 1.7 डिग्री कम रहा। दिन और रात के तापमान में करीब 17 डिग्री का अंतर बना हुआ है। मौसम विभाग ने सीमावर्ती जिलों में बुधवार को कहीं-कहीं मध्यम से घना कोहरा छाने और अगले 3 से 4 दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई है। बुधवार को कोहरे से मिली राहत बुधवार सुबह दो दिनों के कोहरे के बाद राहत मिली है। हालांकि ठण्ड का असर बरकरार रहा। मंगलवार को शहर सहित आसपास के इलाकों में हल्का कोहरा छाया रहा, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई और लोगों को ठिठुरन का सामना करना पड़ा। सुबह के समय सर्द हवाओं के कारण घरों से बाहर निकलने वालों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। हालांकि दोपहर में धूप खिलने से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन शाम ढलते ही मौसम का मिजाज फिर बदल गया और ठंड बढ़ गई। मौसमी बीमारियों का खतरा बढ़ा मौसम में बदलाव के कारण मौसमी बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। हॉस्पिटल में सर्दी, खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या बढ़ रही है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं पर वायरल संक्रमण का असर ज्यादा देखा जा रहा है। डॉक्टरों ने लोगों को सावधानी बरतने, गर्म कपड़े पहनने और ठंडी हवा से बचने की सलाह दी है। रबी की फसलों को मौसम से फायदा सर्दी और कोहरे का असर फसलों पर भी दिखाई देने लगा है। किसानों का कहना है कि यह मौसम रबी की फसलों के लिए फायदेमंद साबित हो रहा है। गेहूं, चना और सरसों की फसलों को इससे अच्छा फायदा मिलने की उम्मीद है। आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंड पड़ेगी मौसम विभाग के अनुसार आने वाले छह दिनों के बाद जिले में कड़ाके की सर्दी का असर देखने को मिल सकता है। तब तक तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव बना रहेगा और दिन में धूप निकलने से राहत मिलने की संभावना है।


