मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक नाबालिग किशोरी के अपहरण के मामले में कार्रवाई की है। पुलिस ने 12 वर्षीय किशोरी को बहला-फुसलाकर भगाने वाले आरोपी चंदन सिंह उर्फ उपेंद्र सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक अनिल काकड़े के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस मामले में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की मां ने 9 मार्च को हनुमना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, उनकी बेटी 7 मार्च की सुबह चना काटने जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी। परिजनों ने आसपास के क्षेत्रों और रिश्तेदारी में काफी तलाश की, लेकिन किशोरी का कोई सुराग नहीं मिला था। किशोरी बरामद, आरोपी के खिलाफ जांच जारी संदेह के आधार पर पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) की धारा 137(2) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने अपहृता किशोरी को ढूंढ निकाला। महिला अधिकारी और न्यायालय में दर्ज कराए गए बयान में किशोरी ने बताया कि वह चंदन सिंह उर्फ उपेंद्र सिंह के खेत में चना काटने गई थी, जहां से आरोपी उसे बहला-फुसलाकर भगा ले गया था। पीड़िता के कथनों के आधार पर पुलिस ने प्रकरण में धारा 87 बीएनएस और धारा 3(2)(v) एससी/एसटी एक्ट की धाराएं बढ़ाईं। इसके बाद आरोपी की तलाश तेज की गई और मंगलवार को आरोपी चंदन सिंह उर्फ उपेंद्र सिंह गहरवार (27 वर्ष), निवासी वारीदेई, थाना हनुमना को गिरफ्तार कर लिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अनिल काकड़े, उपनिरीक्षक पी.डी. सोनवंशी, आरक्षक शोभित सिंह, विवेक यादव, संजीव यादव, विवेकानंद यादव सहित साइबर सेल मऊगंज की टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


