मऊ में वर्षों से खराब पड़ी सड़कों पर अब मरम्मत और नवीनीकरण का कार्य होना है। तीन तहसीलों के 150 गांवों को जोड़ने वाली छह सड़कों का नवीनीकरण किया जाएगा। इसको लेकर शासन ने 4.27 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया है। इससे करीब एक लाख की आबादी को सुगम आवागमन का लाभ मिलेगा। आपको बता दें कि यह सड़कें लगभग एक दशक से भी ज्यादा समय से बदहाल स्थिति में थी। विभागीय अधिकारियो के अनुसार शासन से बजट स्वीकृत होने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, जहां 15 फरवरी के बाद सड़कों पर काम शुरू कर दिया जाएगा। सबसे ज्यादा खराब सड़क पर सबसे पहले काम शुरू करने का अनुमान जताया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत सदर तहसील के कोपागंज-नौसेमर मार्ग, घोसी तहसील के सियरही-बर्जला मार्ग, टेघना-भीटा मार्ग, माऊरबोझ-हाजीपुर मार्ग शामिल है। इसीक्रम में मधुबन तहसील के फतेहपुर-चंदापार मार्ग और सिपाह-सउनी मार्ग शामिल है। लगभग 34.7 किमी लंबी यह सभी सड़कें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत एक दशक से भी ज्यादा समय से नहीं बनी है। बीच में एक बार भी मरम्मत न होने से वर्तमान में इन सड़कों में हर दो फीट पर गहरे गढ़डे बने हुए है। लेकिन नए साल के पहले भेजे गए प्रस्ताव को अब शासन ने स्वीकृति दे दी है। इसके तहत अब इन सड़कों पर नवीनीकरण का कार्य 4 करोड़ 27 लाख रुपये की लागत से किया जाएगा। इन सड़कों के नवीनीकरण से तीनों तहसीलों के लगभग 150 से अधिक गांव के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।


